![]() |
| प्राचीन ममी |
मेरा स्नान तो बस पाँच मिनट में संपन्न हो गया। बाहर आते हुए मैंने रवीन्द्र से कहा,“तुम भी जल्दी बाहर आ जाओ। हम लोग नहाने के बाद कुछ देर नदी के आस-पास एक्स्प्लोर करेंगे,अब यहाँ पिरामिड तो मिलेगा नहीं क्या पता चीन की पीली नदी व्हांगहो के तट पर मिली कब्रों की तरह कोई प्राचीन कब्र मिल जाए।”“वहाँ शायद दूसरी शताब्दी ईसापूर्व की कब्रें मिली हैं ना?” रवीन्द्र ने पानी से बाहर आते हुए पूछा। “हाँ।” मैंने कहा,“और उनमें जो शव मिले हैं वे चटाईयों में लिपटे हैं, आश्चर्य की बात कि इनके पास भी घडा, अन्य पात्र और खाने पीने की वस्तुएं रखी हैं। मतलब मरणोपरांत जीवन की मान्यता यहाँ भी थी। इसके अलावा भी बहुत सारी कब्रें मिली हैं जो ज़मीन के नीचे बने मकानों जैसी हैं, इनमें ताबूत के इर्द-गिर्द सोने के ज़ेवर,युद्ध के हथियार,पत्थर और कांसे के बर्तन भी मिले हैं। इसके अलावा उनके आसपास सैकड़ों कंकाल भी मिले हैं।”
रवीन्द्र ने टॉवेल लपेटते हुए कहा,“इसका कारण यह रहा होगा कि चीन में उस वक्त दास प्रथा थी, और वहाँ भी मिस्त्र के फराओं की तरह मृतक की आत्मा की सेवा करने के लिए मृतक के साथ कई दास दासियों को भी दफ़ना दिया जाता था। कहते हैं ऐसे दासों को दफनाने से पहले उनका सर काट दिया जाता था और हाथ पैर बांध दिए जाते थे। कभी कभी उन्हें जला भी दिया जाता था। पुरातत्त्ववेत्ताओं को उस काल की हड्डी से बनी एक पट्टिका मिली है जिस पर लिखा है कि “दास को इसलिए जला रहे हैं कि पृथ्वी पर वर्षा हो।”“ ठीक कह रहे हो।” मैंने कहा,“इस क्रूरता के पीछे कारण यही था कि हमारे देश की तरह वहाँभी अकाल और बाढ़ के भय से लोग भयभीत हो जाते थे। वे वायु, वर्षा और नदियों को अपना देवता मानते थे और वे रुष्ट न हों इसलिए या उन्हें प्रसन्न करने के लिए दासों की बलि चढ़ाया करते थे।”
| चीन की दीवार |
अशोक नदी के जल में कमर तक पानी में खड़ा था, उसने इतिहासकारों के पुरखे हेरोडोटस का नाम लिया और पानी में डुबकी लगा दी। “जय बाबा हेरोडोटस की।”वह एक मिनट में ही बाहर आ गया। देर हो रही थी इसलिए उसके बाहर आते ही हम लोगों ने अपने गीले अंतर्वस्त्र और अन्य प्रक्षालन सामग्री उठाई तथा नदी किनारे एक्सप्लोरेशन की योजना स्थगित करते हुए शिविर की ओर निकल पड़े।
| हेरोडोट्स |
आपका
शरद कोकास

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें